पटना के बिक्रम में भीषण सड़क हादसा, नहर में गिरी कार नहर में गिरी कार, महिला-पुरुष की मौत

पटना के बिक्रम स्थित मोजक्का टोला के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में औरंगाबाद निवासी मालती देवी और जितेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि दो लोग कूदकर जान बचाने में सफल रहे। सभी लोग इलाज के लिए पटना जा रहे थे।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: पटना जिले के बिक्रम इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार से जा रही एक सफेद कार मोजक्का टोला गांव के पास नहर रोड पर अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी। इस हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि दो लोग समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान औरंगाबाद जिले के कुटुम्ब गांव निवासी मालती देवी (46 वर्ष) और जितेंद्र कुमार (54 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी लोग इलाज के लिए पटना जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार का संतुलन बिगड़ा और वह नहर में जा गिरी।

कार में सवार थे चार लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में कुल चार लोग सवार थे। जैसे ही कार अनियंत्रित हुई, उसमें बैठे दो लोग फौरन कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। लेकिन कार नहर में गिरते ही बाकी दो लोग पानी में फंस गए। नहर में पानी ज्यादा होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को खबर दी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दतियाना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर रोड पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

पुलिस की कार्रवाई

बिक्रम थाना प्रभारी वरुण कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।

Share This Article