BNT Desk: पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में एक प्रेम कहानी का सुखद और सकारात्मक अंत हुआ। सात साल से चल रहे प्रेम संबंध को लेकर उठा विवाद आखिरकार शादी में बदल गया। बिहटा थाना क्षेत्र के गुलटेरा बाजार स्थित बाबा ब्रिटेश्वर नाथ मंदिर में प्रेमी युगल ने दोनों परिवारों की सहमति से विवाह किया। यह शादी पुलिस की मौजूदगी और पहल से संपन्न हुई।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
पालीगंज थाना क्षेत्र के मिल्की गांव की रहने वाली ममता कुमारी ने बुधवार को बिहटा थाना पहुंचकर रवि रंजन कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। ममता का आरोप था कि रवि रंजन ने उससे शादी का वादा किया था और दोनों के बीच पिछले सात वर्षों से प्रेम संबंध था, लेकिन अब युवक शादी से मुकर रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और युवक को थाने बुलाया।
मंदिर में हुआ विवाह
गुरुवार को दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई गई। आपसी सहमति बनने के बाद बिहटा थाना क्षेत्र के गुलटेरा बाजार स्थित बाबा ब्रिटेश्वर नाथ मंदिर में रवि रंजन कुमार और ममता कुमारी ने शादी कर ली। बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि यह विवाह दोनों की रजामंदी और परिवारों की सहमति से कराया गया।
कैसे शुरू हुई थी प्रेम कहानी
रवि रंजन कुमार प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि ममता कुमारी अभी पढ़ाई कर रही हैं। दोनों की मुलाकात एक मेले में घूमने के दौरान हुई थी, जिसके बाद धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम में बदल गई। ममता शादी के लिए दबाव बना रही थी, जबकि रवि रंजन टालमटोल कर रहा था। इसी कारण मामला थाने तक पहुंचा। पुलिस की पहल से न सिर्फ विवाद सुलझा, बल्कि एक प्रेम कहानी को नई शुरुआत भी मिल गई।