BNT Desk: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को मंगलवार को पटना की MP-MLA कोर्ट से जमानत मिल गई। वे पिछले तीन दिनों से पटना के बेऊर जेल में बंद थे। मंगलवार को सुनवाई के लिए उन्हें दोपहर करीब 12:30 बजे कोर्ट लाया गया। इसके बाद दोपहर 2 बजे से जमानत याचिका पर सुनवाई शुरू हुई। हालांकि राहत मिलने के बावजूद पप्पू यादव फिलहाल जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे, क्योंकि दूसरे मामले में उन्हें न्यायिक हिरासत में रखा गया है।
31 साल पुराने मामले में हुई थी गिरफ्तारी
पप्पू यादव की गिरफ्तारी शुक्रवार को 31 साल पुराने मामले में हुई थी। उन पर अवैध रूप से एक मकान पर कब्जा करने का आरोप है। इस मामले में उनके खिलाफ साल 1995 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। लंबे समय तक यह केस लंबित रहा, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा भी देखने को मिला और समर्थकों तथा प्रशासन के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
समर्थकों ने लगाए राजनीतिक साजिश के आरोप
पप्पू यादव के समर्थकों का कहना है कि हाल में वे NEET छात्रा की मौत का मुद्दा उठा रहे थे, इसी वजह से उन्हें गिरफ्तार किया गया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई।
दो नए मामलों में रिमांड, जेल में ही रहना होगा
हालांकि जमानत मिलने के बावजूद पप्पू यादव फिलहाल जेल में ही रहेंगे। पुलिस ने उन्हें दो नए मामलों में रिमांड पर ले लिया है। कोतवाली प्रोडक्शन और बुद्धा कॉलोनी से जुड़े मामलों में पुलिस ने रिमांड मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मंजूरी दे दी। अब इन मामलों में पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में रखा जाएगा।
स्वास्थ्य जांच के बाद भेजे गए थे जेल
गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव को पहले स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें बेऊर जेल भेज दिया गया था। पहले उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई तय थी, लेकिन वकीलों की हड़ताल के कारण सुनवाई नहीं हो सकी थी। अब मंगलवार को सुनवाई के बाद उन्हें जमानत मिल गई है।