BNT Desk: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सोमवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है। उन्होंने दावा किया कि सीमांचल, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कुछ हिस्सों को मिलाकर केंद्र शासित प्रदेश बनाने की तैयारी चल रही है।
नीतीश कुमार को हटाने के पीछे गहरी साजिश
पप्पू यादव ने कहा कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाना पहले से तय स्क्रिप्ट का हिस्सा था। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि होली के दिन लोग दुश्मनों को भी गले लगाते हैं, लेकिन नीतीश जी को परिवार के साथ होली तक नहीं मनाने दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार के रहते बिहार को बांटना संभव नहीं था, इसलिए उन्हें रास्ते से हटाया गया। पप्पू यादव ने सुझाव दिया कि अब जेडीयू का नेतृत्व नीतीश जी के बेटे निशांत को करना चाहिए।
सीमांचल को केंद्र शासित प्रदेश बनाने का विरोध
सांसद ने गृह मंत्री अमित शाह के पिछले सीमांचल दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि वहाँ विकास, मक्का या मखाना की बात करने के बजाय सिर्फ घुसपैठ की चर्चा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि एन. रवि को बंगाल और एक लेफ्टिनेंट को बिहार का राज्यपाल बनाना महज संयोग नहीं है। पप्पू यादव ने चेतावनी दी कि बिहार को बांटकर केंद्र शासित प्रदेश बनाना उनकी लाश पर ही संभव होगा।
अलग ‘पूर्ण राज्य’ का किया समर्थन
एक तरफ जहाँ उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश का विरोध किया, वहीं दूसरी ओर एक नया विकल्प भी पेश किया। पप्पू यादव ने कहा कि अगर कोसी, सीमांचल और मिथिला को मिलाकर एक नया ‘पूर्ण राज्य’ बनाया जाता है, जिसका नेतृत्व कोई स्थानीय व्यक्ति करे, तो वे इसका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि वे बिहार को कमजोर करने वाली किसी भी साजिश के खिलाफ लड़ते रहेंगे।