नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का कार्यक्रम जारी, 16 जनवरी से होगी यात्रा की शुरुआत

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के पहले चरण का कार्यक्रम जारी हो गया है। यात्रा 16 जनवरी से पश्चिमी चंपारण से शुरू होगी। सीएम उत्तर बिहार के आठ जिलों का दौरा करेंगे। पहले चरण का समापन 24 जनवरी को वैशाली में होगा।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के पहले चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। यह यात्रा 16 जनवरी से शुरू होगी। पहले चरण की शुरुआत पश्चिमी चंपारण से होगी और इसका समापन 24 जनवरी को वैशाली में किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री उत्तर बिहार के आठ जिलों का दौरा करेंगे।

जिलावार यात्रा कार्यक्रम

तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 17 जनवरी को पूर्वी चंपारण पहुंचेंगे। 19 जनवरी को वे सीतामढ़ी और शिवहर जिलों में रहेंगे। 20 जनवरी को गोपालगंज, 21 जनवरी को सीवान और 22 जनवरी को सारण का दौरा करेंगे। इसके बाद 23 जनवरी को मुजफ्फरपुर और 24 जनवरी को वैशाली पहुंचकर समृद्धि यात्रा के पहले चरण को पूरा करेंगे।

प्रशासनिक तैयारियां तेज

समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने सभी विभागों को पत्र भेजा है। इस पत्र में अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, प्रभारी सचिव, डीजीपी, प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी, डीआईजी, जिलाधिकारी, एसएसपी और एसपी को यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी दी गई है। इसके साथ ही समीक्षा बैठकों का विस्तृत कार्यक्रम भी साझा किया गया है।

विकास योजनाओं का निरीक्षण

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा और सात निश्चय योजना से जुड़ी योजनाओं का स्थल निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा जिलों में चल रही अन्य प्रमुख विकास योजनाओं की भी समीक्षा की जाएगी। इससे विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

जन संवाद और उद्घाटन कार्यक्रम

समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ करेंगे। साथ ही जन संवाद कार्यक्रमों में आम लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश देंगे।

समीक्षा बैठकें होंगी अनिवार्य

हर जिले में जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा होगी। मुख्य सचिव ने निर्देश दिया है कि निरीक्षण और समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

Share This Article