BNT Desk: बिहार में NDA की नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहली बार दिल्ली पहुंचे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सोमवार को हुई इन मुलाकातों का मुख्य मकसद बिहार के विकास और राज्य की नई राजनीतिक दिशा को तय करना था। नीतीश कुमार के साथ इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जेडीयू नेता ललन सिंह भी मौजूद रहे।
पीएम मोदी के साथ 30 मिनट की खास चर्चा
नीतीश कुमार सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास पहुंचे, जहाँ पीएम मोदी के साथ उनकी करीब 30 मिनट तक बातचीत हुई। इस बैठक में बिहार की नई सरकार की प्राथमिकताओं पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने पीएम को राज्य में चल रही योजनाओं की प्रगति के बारे में बताया और बिहार के भविष्य को लेकर केंद्र के सहयोग पर जोर दिया। यह मुलाकात काफी सकारात्मक रही, जिसमें दोनों नेताओं के बीच बिहार को आगे ले जाने की साझा प्रतिबद्धता दिखाई दी।
‘सात निश्चय 3.0’ पर रहेगा पूरा फोकस
बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने इस मुलाकात के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में बिहार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय 3.0’ को लेकर चर्चा हुई। सरकार का लक्ष्य है कि केंद्र की मदद से बिहार के हर गांव और शहर तक विकास की योजनाओं को पहुँचाया जाए। यह भी विचार किया गया कि आने वाले समय में केंद्र सरकार बिहार के बजट और इंफ्रास्ट्रक्चर में किस तरह से अतिरिक्त मदद कर सकती है।
अमित शाह से मुलाकात और भविष्य की रणनीति
प्रधानमंत्री से मिलने के बाद नीतीश कुमार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। अमित शाह ने नीतीश कुमार का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था और एनडीए गठबंधन को और मजबूत बनाने जैसे अहम मुद्दों पर बात हुई। दो दिनों के इस व्यस्त दौरे के बाद नीतीश कुमार आज शाम तक पटना वापस लौट आएंगे। इससे पहले उन्होंने अपनी पार्टी के पदाधिकारियों के साथ भी रणनीति को लेकर मंथन किया था।