भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन मंगलवार को अपने पहले बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़े, फूल-मालाएं और जयघोष के बीच नितिन नवीन का अभिनंदन किया गया। यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे पहले ही दिन पार्टी ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
भव्य रोड शो, हाथी-घोड़े और झांकियों ने खींचा ध्यान
हवाई अड्डे से निकलते ही नितिन नवीन का विशाल रोड शो शुरू हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। स्वागत को खास बनाने के लिए हाथी-घोड़े, पारंपरिक वाद्य यंत्र और सांस्कृतिक झांकियां भी शामिल की गईं। सड़क के दोनों ओर पार्टी के झंडे, पोस्टर और बैनर लगे रहे। पूरे मार्ग पर “नितिन नवीन जिंदाबाद” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे।
एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल मैदान तक तय रूट
रोड शो पटना एयरपोर्ट से शुरू होकर अरण्य भवन, शेखपुरा मोड़, पटेल भवन, पुनाईचक, हाईकोर्ट, ऊर्जा भवन, आयकर गोलंबर और भाजपा प्रदेश कार्यालय होते हुए मिलर हाई स्कूल मैदान पहुंचा। यहीं नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जहां पार्टी नेताओं ने नितिन नवीन को संगठन की नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई दी और उनके नेतृत्व में पार्टी के और मजबूत होने की बात कही।
ट्रैफिक एडवाइजरी, आम लोगों को दी गई सलाह
रोड शो को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की। इस दौरान रोड शो रूट पर सामान्य वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई और वैकल्पिक मार्गों से चलने की सलाह दी गई। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे जरूरी होने पर ही इन मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।