बापू सभागार में नितिन नवीन का भव्य स्वागत, भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह

पटना के बापू सभागार में भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सम्मान में समारोह किया। कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। नितिन नवीन ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र किया, पीएम मोदी का आभार जताया और युवाओं को मेहनत व लंबी सोच के साथ राजनीति करने का संदेश दिया।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: पटना के बापू सभागार में भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सम्मान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने भगवा गमछा लहराकर नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। मंच से “जोड़ी मोदी-नीतीश के…” गाना बजाकर माहौल को उत्साहपूर्ण बनाया गया।

राजनीतिक सफर का जिक्र

अपने संबोधन में नितिन नवीन ने कहा कि जो पार्टियां केवल एक व्यक्ति तक सीमित रहती हैं, वे देश और बिहार का भविष्य बेहतर नहीं बना सकतीं। उन्होंने बताया कि उन्होंने 2006 में अपने पिता के निधन के बाद राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने कहा कि उस समय के प्रदेश अध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने उन्हें चुनाव लड़ने का मौका दिया था। साथ ही तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और पार्टी के सभी नेताओं का उन्हें पूरा समर्थन मिला था।

पीएम मोदी का जताया आभार

नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने उन पर जो भरोसा दिखाया है, उसे वे आगे बढ़ाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पटना का पहला दौरा है और वे बिहार की जनता का धन्यवाद करना चाहते हैं, जिन्होंने उन्हें कई बार विधायक बनने का मौका दिया।

युवाओं को दिया संदेश

उन्होंने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक भाजपा युवा मोर्चा में काम किया है। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि राजनीति में शॉर्टकट नहीं लेना चाहिए। राजनीति लंबी दौड़ है और सफलता के लिए लगातार मेहनत करनी होती है। उन्होंने कहा कि अगर पीएम मोदी के सपनों का भारत बनाना है तो सभी को मेहनत करनी होगी।

महापुरुषों के विचारों का जिक्र

नितिन नवीन ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवाद की प्रेरणा दी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का विचार दिया और अटल बिहारी वाजपेयी ने सुशासन का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें इन विचारों पर काम कर रही हैं।

Share This Article