नितिन नबीन का पटना रोड शो: कई रास्तों पर रोक, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त

23 दिसंबर को भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पटना आगमन पर रोड शो होगा। यह पटना एयरपोर्ट से मिलर हाई स्कूल तक निकलेगा। इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और वाहन प्रतिबंध लागू रहेंगे।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: 23 दिसंबर को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पटना पहुंचने और प्रस्तावित रोड शो को लेकर राजधानी में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा इसे संगठन की ताकत और जनसमर्थन के प्रदर्शन के तौर पर देख रही है। वहीं प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं।

वाहनों पर समयबद्ध प्रतिबंध

पटना पुलिस ने रोड शो के दौरान दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक, और वीवीआईपी मूवमेंट की अवधि में, आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी तरह के वाहनों के चलने पर रोक लगाई है।

रोड शो का तय मार्ग

रोड शो की शुरुआत पटना एयरपोर्ट से होगी। इसके बाद यह अरण्य भवन, शेखपुरा मोड़, पटेल भवन, पुनाईचक, हाईकोर्ट, ऊर्जा भवन और आयकर गोलंबर से होते हुए भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेगा, जहां से आगे बढ़ते हुए मिलर हाई स्कूल पर समाप्त होगा।

ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था

जिला परिवहन कार्यालय से दक्षिण जाने वाले वाहन फुलवारीशरीफ की ओर जाएंगे। उत्तर की ओर जाने वाले वाहन जगदेव पथ से चलेंगे। पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट तक किसी भी तरह की पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी।

प्रमुख सड़कों पर सख्ती

बेली रोड (नेहरू पथ), जगदेव पथ और वीरचंद पटेल पथ जैसे व्यस्त मार्गों पर वाहन चलाने और पार्किंग पर सख्त रोक रहेगी। कंकड़बाग, पटना जंक्शन, डाकबंगला और दानापुर की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं।

पार्किंग की व्यवस्था

छोटे वाहनों की पार्किंग: जीपीओ गोलंबर से आर ब्लॉक नीचे तक

बड़ी गाड़ियां और बसें: अटल पथ पर

एयरपोर्ट पर स्वागत के लिए आने वाले कार्यकर्ताओं को गाड़ियां बाहरी पार्किंग में खड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे तय रूट और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें। साफ है कि इस दिन रोड शो के साथ-साथ पटना की ट्रैफिक व्यवस्था भी पूरी तरह प्रशासन के नियंत्रण में रहेगी।

Share This Article