BNT Desk: बिहार बीजेपी का नया प्रदेश मुख्यालय बनाया जा रहा है। यह मुख्यालय पाटली पथ के किनारे, पाटलीपुत्र जंक्शन के पीछे स्थित होगा। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। निर्माण प्रक्रिया अंतिम चरण में है और इसकी अनुमानित लागत करीब 200 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
13 से 15 हजार वर्ग फीट में बनेगा भवन
जानकारी के अनुसार नया प्रदेश कार्यालय 13 से 15 हजार वर्ग फीट जमीन पर तैयार किया जाएगा। प्रदेश कार्यालय के लिए पाटलीपुत्र स्टेशन के पास जमीन पहले ही खरीदी जा चुकी है। नक्शा और डिजाइन दिल्ली से तैयार कराया गया है।
दिल्ली से मिलेगी अंतिम मंजूरी
भाजपा की राष्ट्रीय निर्माण समिति की बैठक में नए भवन के नक्शे की विस्तृत समीक्षा की गई है। नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय से अंतिम स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि भाजपा का मौजूदा प्रदेश कार्यालय भी पहले की तरह चलता रहेगा।
सुरक्षा और तकनीक पर खास ध्यान
नए कार्यालय में सुरक्षा और तकनीकी सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा। प्रवेश और निकास द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही डिजिटल वॉर रूम, कॉल सेंटर, आईटी सेल और चुनाव प्रबंधन कक्ष बनाए जाएंगे।
नेताओं और मंत्रियों के लिए अलग कक्ष
भवन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री (संगठन), सभी प्रदेश महामंत्री, उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और चुनाव प्रभारियों के लिए अलग-अलग कक्ष होंगे। प्रदेश के सभी मंत्रियों के लिए भी आधुनिक केबिन बनाए जाएंगे।
मोर्चा अध्यक्षों और सभागार की व्यवस्था
युवा, महिला, किसान, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्षों के लिए अलग कार्यालय कक्ष होंगे। परिसर में 500 से 1200 लोगों की क्षमता वाले 3 से 5 सभागार बनाए जाएंगे।
अन्य सुविधाएं भी होंगी उपलब्
नए कार्यालय परिसर में पुस्तकालय, गेस्ट हाउस, कैंटीन, हरित क्षेत्र और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। नया मुख्यालय बनने के बाद वर्तमान प्रदेश कार्यालय भवन में पटना महानगर बीजेपी कार्यालय संचालित होगा।