BNT Desk: सीवान जिले में गुरुवार की देर रात एक बड़ी घटना सामने आई। हिंदी दैनिक ‘हिंदुस्तान’ के प्रखंड रिपोर्टर रमेश कुमार सिंह को अपराधियों ने गोली मार दी। घटना पचरुखी थाना क्षेत्र के भवानी मोड़ के पास की है। बताया जा रहा है कि रमेश कुमार सिंह एक शादी समारोह से सीवान शहर से अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उनके सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर हालत में पटना रेफर, आईजीएमएस में इलाज जारी
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए उन्हें सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज पटना स्थित आईजीएमएस में चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
पूर्व विवाद को लेकर हमले की आशंका
घायल पत्रकार ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर उन पर हमला किया गया है। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे और कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
एसपी ने कहा – दोषी जल्द होंगे गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही जिले के पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा और अन्य अधिकारी मौके पर सक्रिय हो गए। एसपी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और अपराधियों को जल्द पकड़ा जाएगा। इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। इस घटना से जिले के पत्रकारों में आक्रोश है। पत्रकार संगठनों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।