CM की जीप में सवार हुए मंत्री, राजगीर पुलिस अकादमी में अनोखा नज़ारा

राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में 1218 ट्रेनी दरोगाओं का दीक्षांत समारोह हुआ। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने परेड की सलामी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परंपरा तोड़ते हुए डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी समेत कई मंत्रियों और अफसरों को खुली जीप में साथ बैठाया।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर में 1218 प्रशिक्षु दरोगाओं के दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने दीक्षांत परेड की सलामी ली और नए दरोगाओं को सेवा और अनुशासन का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने ली परेड की सलामी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया। इसके लिए वे खुली जीप में सवार होने वाले थे। परंपरा के अनुसार, इस जीप में मुख्यमंत्री के साथ केवल पुलिस महानिदेशक (DGP) ही सवार रहते हैं।

मंत्रियों को जीप में बुलाया

जैसे ही मुख्यमंत्री जीप की ओर बढ़े, उनकी नजर मंच पर बैठे मंत्रियों पर पड़ी। तभी उन्होंने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की ओर इशारा करते हुए कहा, “अरे आप भी आओ भाई, चलो ना।” मुख्यमंत्री के इस आग्रह पर सम्राट चौधरी भी जीप पर सवार हो गए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद दो वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से भी कहा, “अरे चलिए ना भाई, आइए ना।” कुछ ही देर में वे दोनों अधिकारी भी जीप में बैठ गए।

और मंत्रियों को दिया न्योता

इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री श्रवण कुमार की ओर इशारा करते हुए कहा, “अरे आप भी आइए, चलिए ना भाई।” मुख्यमंत्री के कहने पर दोनों मंत्री भी खुली जीप में सवार हो गए।

कार्यक्रम का यादगार पल

इस तरह परंपरा से हटकर एक अनौपचारिक और आत्मीय माहौल देखने को मिला। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी के साथ दीक्षांत परेड की सलामी ली। यह दृश्य समारोह का सबसे चर्चित और यादगार पल बन गया, जिसकी खूब चर्चा हो रही है।

 

Share This Article