BNT Desk: बिहार की राजनीति और प्रशासन में एक अहम बदलाव करते हुए नीतीश कुमार सरकार ने तीन नए विभागों के गठन का फैसला लिया है। मंत्रिमंडल सचिवालय ने विभागों के बीच कार्य बंटवारे की अधिसूचना भी जारी कर दी है। सरकार का कहना है कि इससे युवाओं, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कामों में तेजी आएगी।
कौन-कौन से नए विभाग बने
सरकार ने जिन तीन नए विभागों का गठन किया है, वे हैं—
- युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग
- उच्च शिक्षा विभाग
- सिविल विमानन विभाग
यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है, जब विपक्ष बेरोजगारी, पलायन और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगातार सवाल उठा रहा है।
उच्च शिक्षा विभाग पर खास जोर
उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी शिक्षा मंत्री सुनील कुमार को सौंपी गई है। अब उनके पास कुल तीन विभागों का प्रभार है। सरकार का मानना है कि स्कूल शिक्षा से अलग उच्च शिक्षा विभाग बनाने से विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और शोध संस्थानों पर बेहतर फोकस हो सकेगा। इसके तहत विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों, भाषा अकादमियों और विश्वविद्यालय सेवा आयोग से जुड़े काम देखे जाएंगे।
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग
इस विभाग का मकसद युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण से जोड़ना है। इसके तहत रोजगार मेलों का आयोजन, आईटीआई का संचालन, कौशल विकास योजनाएं, अप्रेंटिसशिप, केंद्र सरकार की योजनाओं से समन्वय और एनसीसी, एनएसएस जैसे संगठनों से जुड़े काम किए जाएंगे। सरकार इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा बड़ा कदम बता रही है।
सिविल विमानन विभाग
सिविल विमानन विभाग के गठन से राज्य में हवाई संपर्क मजबूत करने की योजना है। इसमें एयरपोर्ट और हेलीपोर्ट का विकास, सरकारी विमान और हेलीकॉप्टर का संचालन, और केंद्र सरकार से समन्वय जैसे काम शामिल हैं।