BNT Desk: बिहार के मधेपुरा से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। भर्राही थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 4 में कुछ युवकों पर आरोप है कि छेड़खानी का विरोध करने पर उन्होंने एक परिवार के घर में घुसकर हमला किया। बताया जा रहा है कि मनचलों ने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि इलाके में डर फैलाने के लिए फायरिंग भी की। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है।
लंबे समय से हो रही थी छेड़खानी
पीड़िता प्रियंका कुमारी का कहना है कि गांव के ही कुछ युवक उनकी भांजी को लंबे समय से परेशान कर रहे थे। पहले भी इस मामले को आपसी समझौते से शांत कराया गया था। लेकिन आरोप है कि युवकों की हरकतें बंद नहीं हुईं। जब परिवार ने दोबारा विरोध किया, तो आरोपी कथित तौर पर गुस्से में घर में घुस आए और हमला कर दिया।
लाठी-डंडे और हथियार से की पिटाई
परिजनों के मुताबिक, हमले में सुमित कुमार को लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और हथियार के बट से बेरहमी से पीटा गया। हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए गोली भी चलाई। गंभीर रूप से घायल सुमित कुमार का इलाज जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। प्रियंका कुमारी ने कहा, “हमने कई बार समझाया, लेकिन जब विरोध किया तो घर में घुसकर मारपीट की और गोली भी चलाई। हमें न्याय चाहिए और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी हो।”
कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
परिजनों का कहना है कि अगर पहले शिकायत पर सख्त कदम उठाया जाता, तो हालात इतने खराब नहीं होते। अब सवाल उठ रहा है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाई गई ‘अभया ब्रिगेड’ की भूमिका क्या है और जमीन पर उसकी सक्रियता कितनी है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मधेपुरा की यह घटना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी है। मधेपुरा से रमण कुमार की रिपोर्ट।