BNT Desk: बिहार के मधुबनी जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बेखौफ नजर आए। यहां अज्ञात बदमाशों ने एक डॉक्टर के घर पर धावा बोलते हुए उन्हें और उनके परिवार को बंधक बना लिया और करीब 10 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया। यह वारदात देर रात की बताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
15 की संख्या में पहुंचे बदमाश, परिवार को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, करीब 15 बदमाशों ने एक साथ डॉक्टर के घर पर हमला किया। सभी अपराधी हथियारों से लैस बताए जा रहे हैं। घर में घुसते ही बदमाशों ने डॉक्टर और उनके परिवार के सदस्यों को डराकर बंधक बना लिया और घर में रखे नकद रुपये, जेवर और कीमती सामान लूट लिया। लूट की कुल रकम लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
CCTV कैमरे भी तोड़े, सबूत मिटाने की कोशि
डकैती के दौरान बदमाशों ने घर में लगे CCTV कैमरों को भी तोड़ दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इससे साफ है कि अपराधी पूरी तैयारी और प्लानिंग के साथ आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में बढ़ाई गई गश्त
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पीड़ित परिवार से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गश्त तेज कर दी गई है।