BNT Desk: बिहार की राजनीति में इस वक्त एक सोशल मीडिया पोस्ट ने भूचाल ला दिया है। RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बिना नाम लिए एक ऐसा पोस्ट किया है, जिसने सबको हैरान कर दिया है। रोहिणी ने अपनी पोस्ट में ‘अपनों’ और ‘विरासत’ को लेकर जो बातें लिखी हैं, उसे सीधे तौर पर उनके भाई तेजस्वी यादव और परिवार के अंदरूनी कलह से जोड़कर देखा जा रहा है। सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि क्या लालू परिवार में सब कुछ ठीक नहीं है?
विरासत को खत्म करने के लिए ‘अपने’ ही काफी हैं
रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में बहुत ही कड़वी बात कही है। उन्होंने लिखा कि किसी भी बड़ी विरासत को खत्म करने के लिए बाहर के दुश्मनों की जरूरत नहीं होती, बल्कि घर के ‘अपने’ ही इसके लिए काफी होते हैं। उन्होंने उन लोगों पर भी सवाल उठाए जो नए-नए करीबी बने हैं। रोहिणी का इशारा साफ था कि जो लोग आज सत्ता या पहचान का आनंद ले रहे हैं, वे उसी पहचान को मिटाने पर तुले हुए हैं। उन्होंने इसे ‘विनाशक बुद्धि’ करार दिया है।
अहंकार और विवेक पर रोहिणी का कड़ा प्रहार
रोहिणी यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे लिखा कि जब इंसान के सिर पर अहंकार चढ़ जाता है, तो उसकी सोचने-समझने की शक्ति खत्म हो जाती है। जब विवेक पर पर्दा पड़ जाता है, तो इंसान दूसरों के बहकावे में आकर अपनी ही जड़ों को काटने लगता है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन जिस तरह से उन्होंने ‘अस्तित्व’ और ‘पहचान’ की बात की, उसे तेजस्वी यादव के इर्द-गिर्द घूमने वाली राजनीति और सलाहकारों पर हमले के रूप में देखा जा रहा है।
बिहार की सियासत में अटकलों का बाजार गर्म
रोहिणी के इस बयान के बाद विपक्ष को भी बैठे-बिठाए मुद्दा मिल गया है। विरोधियों का कहना है कि RJD के अंदर अब अंदरूनी लड़ाई खुलकर सामने आ रही है। उधर, पार्टी के अंदर सन्नाटा पसरा हुआ है और कोई भी इस पर खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। अब देखना यह होगा कि रोहिणी के इस तीखे प्रहार का जवाब तेजस्वी यादव या लालू परिवार की ओर से क्या आता है। क्या यह सिर्फ एक इमोशनल पोस्ट है या फिर RJD में किसी बड़े बदलाव का संकेत?