BNT Desk: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में आज दो बड़े मामलों में सुनवाई और फैसले की संभावना है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
लैंड फॉर जॉब केस पर सुनवाई
‘लैंड फॉर जॉब’ मामले में सीबीआई की ओर से दर्ज एफआईआर के तहत आरोप तय करने को लेकर आज अदालत में सुनवाई होगी। कोर्ट ने इस मामले में 25 अगस्त को फैसला सुरक्षित रखा था, लेकिन अब तक तीन बार सुनवाई टल चुकी है।
तीन बार टल चुका है फैसला
इससे पहले 10 नवंबर, 4 दिसंबर और 15 दिसंबर को किसी न किसी वजह से कोर्ट फैसला नहीं सुना सकी। आज उम्मीद जताई जा रही है कि अदालत इस अहम मुद्दे पर अपना निर्णय सुनाएगी।
सीबीआई से मांगी गई रिपोर्ट
पिछली सुनवाई में सीबीआई ने कोर्ट को बताया था कि मामले का एक आरोपी अब जीवित नहीं है। इसके बाद कोर्ट ने सीबीआई को आरोपी की मौत का सत्यापन करने और अन्य आरोपियों से जुड़ी स्थिति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया था।
राबड़ी देवी की याचिका पर फैसला संभव
आज कोर्ट पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की उस याचिका पर भी फैसला सुना सकती है, जिसमें उन्होंने अपने और परिवार के खिलाफ चल रहे सीबीआई और ईडी के मामलों को दूसरी अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की है।
निष्पक्ष सुनवाई पर सवाल
राबड़ी देवी की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि मौजूदा अदालत में निष्पक्ष सुनवाई की उम्मीद नहीं है। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया में पक्षपात के आरोप लगाए और पूरे परिवार को दिल्ली बुलाए जाने पर भी सवाल उठाए।
सीबीआई का विरोध
सीबीआई ने इस याचिका का विरोध करते हुए कहा कि यह फोरम शॉपिंग का प्रयास है और न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश है। एजेंसी के मुताबिक अदालत द्वारा सवाल पूछना न्यायाधीश का अधिकार है।
क्या है पूरा मामला
राबड़ी देवी ने आईआरसीटीसी घोटाला, जमीन के बदले नौकरी केस और इससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामलों को दूसरी अदालत में भेजने की मांग की है। इससे पहले इसी अदालत ने लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत अन्य पर आरोप तय किए थे।