BNT Desk: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव का राजनीति से मोहभंग होता नजर आ रहा है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में छपरा सीट से आरजेडी RJD के टिकट पर हार मिलने के बाद खेसारीलाल ने बड़ा बयान दिया है। शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने साफ कहा कि राजनीति उनके जैसे साफ दिल इंसान के बस की बात नहीं है, यहाँ सिर्फ झूठ बोलने वाले ही कामयाब होते हैं।
“झूठे वादे करना मुझे नहीं आता”
खेसारी लाल यादव ने अपनी हार और राजनीति के अनुभव पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “मैं कलाकार ही ठीक हूँ। राजनीति में वही टिक सकता है जिसे झूठ बोलना और लोगों को बेवकूफ बनाना आता हो। मैं हमेशा ईमानदारी से जिया हूँ और शायद यही वजह है कि राजनीति मुझे रास नहीं आई।” जब उनसे पूछा गया कि क्या वो भविष्य में BJP में शामिल होंगे, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि वो अपनी विचारधारा के साथ समझौता नहीं करेंगे।
निरहुआ को दिया करारा जवाब
बीजेपी नेता और भोजपुरी एक्टर दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने कुछ समय पहले कहा था कि खेसारी बीजेपी के लायक नहीं हैं। इस पर पलटवार करते हुए खेसारी ने कहा, “निरहुआ कोई पार्टी अध्यक्ष नहीं हैं जो यह तय करें कि मैं किसके लायक हूँ। मुझे बीजेपी से कितने ऑफर मिले, यह उन्हें अंदाजा भी नहीं होगा।” खेसारी ने आगे कहा कि किसी की सोच पर सवाल उठाना आसान है, लेकिन धरातल पर सच का सामना करना मुश्किल।
बिहार छोड़ने की मजबूरी और फिल्म सिटी का मुद्दा
अक्सर लगने वाले ‘बिहार छोड़कर भागने’ के आरोपों पर भी खेसारी ने सफाई दी। उन्होंने कहा, “सरकार ने छपरा या बिहार में कहीं फिल्म सिटी तो बनाई नहीं। ऐसे में रोजी-रोटी कमाने के लिए मुंबई जाना ही पड़ेगा। अगर यहाँ काम की सुविधा होती तो मुझे अपना घर छोड़कर बाहर क्यों जाना पड़ता?” उन्होंने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए बिहार में आज भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है।
लालू परिवार का बचाव और हार पर राय
चुनाव में आरजेडी की हार पर खेसारी ने कहा कि जनता को शायद बदलाव की जरूरत ही नहीं है। लैंड फॉर जॉब केस में लालू परिवार पर तय हुए आरोपों पर उन्होंने दुख जताया। खेसारी बोले, “लालू जी ने गरीब तबके को बोलना सिखाया और सम्मान से जीना सिखाया। आज सत्ता जिनके पास है, वो किसी पर भी आरोप लगा सकते हैं। जब पावर नहीं होती, तो सही चीज को भी गलत साबित कर दिया जाता है।”