नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद संजय जायसवाल ने लोकसभा में कांग्रेस और उसके नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर एक जोरदार तंज कसा है। उन्होंने मज़ाकिया लहजे में कहा कि जब राहुल गांधी अगली बार बिहार घूमने जाएंगे, तो कांग्रेस के सारे विधायक केवल एक बोलेरो गाड़ी में ही आराम से आ जाएंगे। बीजेपी सांसद का इशारा था कि बिहार में अब कांग्रेस की सियासी हैसियत बहुत कम हो गई है।
संसद में विपक्ष पर बोला हमला
पश्चिम चंपारण से बीजेपी सांसद संजय जायसवाल ने मंगलवार को संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान लोकसभा में चुनाव सुधार पर बहस के दौरान यह बात कही। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। जायसवाल ने कहा कि राहुल गांधी पिछले तीन महीनों से खुद को सिर्फ ‘वोट चोरी’ की बातों तक ही सीमित रखे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि बिहार विधानसभा चुनाव में इतनी बड़ी हार के बाद भी कांग्रेस सबक नहीं ले रही है।
वोट चोरी’ के आरोपों पर पलटवार
सांसद जायसवाल ने राहुल गांधी के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें उन्होंने बिहार चुनाव में वोट चोरी की बात कही थी। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान 99.8% घरों में सरकारी कर्मचारी (बीएलओ) वोटर्स से मिले और फॉर्म भरे गए। यहां तक कि कांग्रेस ने भी अपने कार्यकर्ता (बीएलए) भेजे थे। इसके बावजूद ‘वोट चोरी’ की बात कहना समझ से बाहर है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत में ‘वोट चोरी’ और बूथ कैप्चरिंग की शुरुआत कांग्रेस ने ही की थी।
‘लापता 35 लाख लोग’ और रोहिंग्या कनेक्शन
संजय जायसवाल ने इस साल बिहार में हुए एसआईआर (सर्वे) का भी जिक्र किया, जिसमें 35 लाख लोगों ने फॉर्म नहीं भरा। उन्होंने सदन में आशंका जताई कि या तो वे लोग बिहार छोड़कर चले गए हैं, या फिर वे बांग्लादेशी और रोहिंग्या हो सकते हैं, इसलिए उन्होंने फॉर्म नहीं भरा। उन्होंने साफ कहा कि यह देश सिर्फ भारतीय नागरिकों का है, विदेशियों का नहीं। उन्होंने यह कहकर बात खत्म की कि बिहार तो हमारा हो गया, अब बंगाल की बारी है।