BNT Desk: ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत के कई हिस्सों में भी देखने को मिल रहा है। बिहार में पिछले तीन दिनों से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग बंद कर दी गई है। कॉमर्शियल गैस की सप्लाई प्रभावित होने से होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट कारोबारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर कारोबार प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं।
घरेलू गैस के लिए भी लग रही लंबी कतारें
सिर्फ कॉमर्शियल ही नहीं, बल्कि घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर भी कई जिलों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र के सरदारपुर में गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने के लिए करीब 500 मीटर लंबी लाइन देखी गई। एजेंसी का समय सुबह 9 बजे है, लेकिन लोग उससे पहले ही पहुंचकर लाइन में लग जा रहे हैं। इसी तरह गोपालगंज, खगड़िया, औरंगाबाद और पटना समेत कई जिलों में लोग सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं।
विपक्ष का सरकार पर हमला
एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर विपक्ष भी सरकार पर हमलावर हो गया है। इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन की भी तैयारी की जा रही है। इसी बीच राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि “सिलेंडर की किल्लत का जश्न कब होगा?” और तंज कसते हुए कहा कि लोगों को पहले नोट बदलने, फिर ऑक्सीजन सिलेंडर और अब गैस सिलेंडर के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।
केंद्र सरकार ने अफवाहों से बचने को कहा
दूसरी ओर केंद्र सरकार ने साफ कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए LPG की कोई कमी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गैस सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच लोगों से संयम बरतने और केवल सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन जरूर प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और जल्द स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ने लोगों से यह भी कहा कि किसी भी सूचना को बिना पुष्टि के आगे साझा न करें और अफवाहों से दूर रहें।
