BNT Desk: बिहार के अररिया से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के कुर्साकांटा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक तेज रफ्तार बेकाबू गाड़ी ने दो किशोरों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 14 साल के जतन कुमार और 12 साल के दिलखुश की जान चली गई। एक ही गांव के दो बच्चों की मौत से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नाना के घर जा रहे थे दोनों दोस्त
यह दुखद घटना हरिरा पंचायत के गोसनगर गांव की है। गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे, जतन कुमार अपने पड़ोसी और दोस्त दिलखुश के साथ अपने नाना के घर गोसनगर जा रहा था। दोनों बच्चे पैदल ही रास्ते पर थे, तभी अचानक एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बच्चे सड़क पर ही खून से लथपथ हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों को कुर्साकांटा पीएचसी पहुँचाया। वहाँ डॉक्टर ने जतन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं दिलखुश की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। परिजन उसे नेपाल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही सुंदरी के पास दिलखुश ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों में जतन पहुंसी पंचायत के बलचंदा गांव का रहने वाला था, जबकि दिलखुश भी उसी का पड़ोसी था।
रोजी-रोटी के लिए बाहर हैं पिता
इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। सबसे ज्यादा दुख की बात यह है कि दोनों बच्चों के पिता घर पर नहीं थे। जतन के पिता दो महीने पहले दिल्ली गए थे, वहीं दिलखुश के पिता तीन-चार दिन पहले ही हिमाचल प्रदेश काम के लिए निकले थे। बेटों की मौत की खबर सुनते ही दोनों पिता बदहवास होकर घर के लिए रवाना हो गए हैं। घर में मातम पसरा है और मांओं का रोना सुनकर हर किसी की आँखें नम हैं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की जानकारी मिलते ही कुर्साकांटा थानेदार रोहित कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।