BNT Desk: बिहार में होली की रौनक अभी से नजर आने लगी है। हाजीपुर में रंगों के साथ राजनीति का रंग भी गहराया हुआ दिखा। यहां होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ, जो NDA की हालिया जीत के जश्न में बदल गया। कार्यक्रम का नेतृत्व हाजीपुर के विधायक अवधेश सिंह ने किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। मंच से लेकर मैदान तक अबीर-गुलाल उड़ता रहा और समर्थकों में उत्साह साफ दिखाई दिया। यह आयोजन केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के गृह क्षेत्र में हुआ, जिससे कार्यक्रम को खास राजनीतिक महत्व भी मिला। समारोह में लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर जीत और होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
‘नीतीश-मोदी’ की जोड़ी पर झूमे लोग
समारोह का मुख्य आकर्षण पवन सिंह का लोकप्रिय चुनावी गीत “जोड़ी मोदी-नीतीश के हिट हो गईल” रहा। जैसे ही गाना बजा, माहौल और भी जोशीला हो गया। समर्थक खुद को नाचने से रोक नहीं सके। विधायक अवधेश सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ मंच पर झूमते नजर आए। गीत के बोलों में NDA की जीत और जनता के भरोसे का जिक्र था, जिसने माहौल को और भी सियासी रंग दे दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे जीत का उत्सव बताया। कई कार्यकर्ताओं ने इसे आने वाले समय की मजबूती का संकेत भी कहा।
जीत को बताया जनता की जीत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अवधेश सिंह ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि हाजीपुर की जनता की जीत है। उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार जताया और भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों को आगे भी तेज गति से जारी रखा जाएगा। उन्होंने होली के अवसर पर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश भी दिया। लोगों से अपील की कि त्योहार को शांति और खुशी के साथ मनाएं। उनके संबोधन के दौरान भी समर्थकों ने तालियों और नारों से स्वागत किया।
बड़ी संख्या में पहुंचे नेता और कार्यकर्ता
कार्यक्रम में वैशाली जिले के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। आयोजन को शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। समर्थकों ने एकजुटता बनाए रखने और भविष्य में भी मिलकर काम करने का संकल्प लिया। हाजीपुर में होली से पहले सियासी रंगों का यह नजारा चर्चा का विषय बना हुआ है। रंग, संगीत और राजनीति के मेल ने इस आयोजन को खास बना दिया।