बिहार में अवैध खनन खत्म करने का एल्टीमेटम, विजय कुमार सिन्हा का सख्त संदेश

डिप्टी CM ने अवैध खनन पर अल्टीमेटम दिया, थानेदारों को चेताया और जनता से सूचना देने की अपील की। राहुल-तेजस्वी पर कटाक्ष, माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर और एनकाउंटर मॉडल का भरोसा।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने अवैध खनन और कानून व्यवस्था पर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस थाना क्षेत्र से अवैध बालू लदा ट्रैक्टर गुजरेगा और पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी, वहां के थानेदार को सस्पेंड किया जाएगा। सिन्हा ने पटना के एसएसपी और डीएम के साथ बैठक कर खनन विभाग को गहन छापेमारी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे अवैध परिवहन की सूचना दें। इसके लिए ट्रक पकड़वाने पर 10,000 रुपये और ट्रैक्टर पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला

सिन्हा ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा और तेजस्वी यादव की राजनीति पर कटाक्ष किया। उनका कहना था कि दोनों नेता “सोने के चम्मच लेकर जन्म लेने वाले” हैं और जनता से कटे हुए हैं। सिन्हा ने कहा कि जब लोकसभा और विधानसभा सत्र चल रहे हैं, तब ये नेता विदेश में पिकनिक मनाने जाते हैं। उन्होंने इसे “अनुकंपा की राजनीति” करार दिया।

माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई

डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि सरकार एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई सहित हर संभव कदम उठा रही है। मुजफ्फरपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी के सुशासन के संकल्प में कोई अपराधी, शराब माफिया, बालू माफिया या जमीन माफिया बख्शा नहीं जाएगा। सिन्हा का संदेश है कि सुशासन और कानून का राज सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Share This Article