बिहार में अगले 5 दिन 'कोल्ड डे' का कहर! पटना से किशनगंज तक कंपकंपी

बिहार में अगले 5 दिन भयंकर ठंड और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पटना, गया और मोतिहारी समेत कई जिलों में 27 दिसंबर तक 'कोल्ड डे' की चेतावनी दी है। राजगीर में पारा 6.6 डिग्री तक गिर गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: बिहार में हाथ कंपाने वाली ठंड ने दस्तक दे दी है और अगले 5 दिन राज्य के लिए काफी मुश्किल भरे होने वाले हैं। मौसम विभाग ने पटना, गया, मोतिहारी और किशनगंज समेत कई जिलों में 27 दिसंबर तक भयंकर ठंड और घने कोहरे की चेतावनी दी है। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ और ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। फिलहाल 27 दिसंबर के बाद ही लोगों को इस कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।

राजगीर रहा सबसे ठंडा, दिन में भी ठिठुर रहे हैं लोग

पिछले 24 घंटों में दक्षिण बिहार के जिलों में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा गया। नालंदा के राजगीर में पारा गिरकर 6.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम था। सिर्फ रात ही नहीं, बल्कि दिन का तापमान भी 20 डिग्री से नीचे बना हुआ है, जिससे दोपहर में भी लोगों को धूप का अहसास नहीं हो रहा और ठिठुरन बनी हुई है। गया में 7 डिग्री और रोहतास में 7.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि पटना में रात का तापमान 12.5 डिग्री रहा।

इन 11 जिलों में घना कोहरा, घर से निकलने में बरतें सावधानी

मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को उत्तर बिहार के 11 जिलों में ‘कोल्ड डे’ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर और दरभंगा जैसे जिले शामिल हैं। वहीं, पटना, आरा, बक्सर और गया जैसे शहरों में भी घने कोहरे का येलो अलर्ट है। सुबह और शाम के वक्त विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है, इसलिए सड़कों पर वाहन चलाने वालों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

24 दिसंबर से बढ़ेगी आफत, अगले 3 दिन रहेंगे बेहद भारी

असली परीक्षा 24 दिसंबर से शुरू होने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बुधवार से शुक्रवार तक ठंड में और भी ज्यादा तेजी आएगी। चंपारण, मिथिला, पटना और मगध के इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा और सर्द हवाएं परेशान करेंगी। कोसी और सीमांचल के इलाकों में भी ठंड का जोर रहेगा। अगर आप अगले कुछ दिनों में कहीं यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो मौसम का हाल जरूर देख लें और गर्म कपड़ों का पूरा इंतजाम रखें।

Share This Article