चैती छठ 2026: 22 से 25 मार्च तक महापर्व, प्रशासन ने तेज की तैयारियां

चैती छठ 2026 को लेकर पटना जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यह पर्व 22 से 25 मार्च तक मनाया जाएगा। घाटों की सफाई, सुरक्षा, ड्रोन निगरानी और व्रतियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। 20 मार्च तक सभी तैयारियां पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

BNT
By
4 Min Read

BNT Desk: लोक आस्था के महापर्व चैती छठ को लेकर पटना जिला प्रशासन और नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष यह पर्व 22 से 25 मार्च तक मनाया जाएगा। छठ पर्व की शुरुआत 22 मार्च को नहाय-खाय से होगी। इसके बाद 23 मार्च को खरना, 24 मार्च को संध्याकालीन अर्घ्य और 25 मार्च को प्रातःकालीन अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान हजारों छठ व्रती गंगा घाटों और तालाबों पर पूजा-अर्चना करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क

जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने सभी संबंधित विभागों को पर्व के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि घाटों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। साथ ही नदियों में सुरक्षा के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों के साथ गोताखोरों को भी तैनात किया जाएगा। इसके अलावा नदी में लगातार रिवर पेट्रोलिंग कराई जाएगी ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना को रोका जा सके।

ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

छठ पर्व के दौरान घाटों और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। प्रशासन ने नदियों में निजी नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा मेडिकल टीम को अलर्ट रहने को कहा गया है। सुरक्षा के लिए ग्राम रक्षा दल और नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

घाटों की सफाई और सुंदरीकरण पर जोर

इधर पटना नगर निगम ने भी घाटों की सफाई, सुरक्षा और सुंदरीकरण के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इस पर करीब 5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नगर निगम का मुख्य फोकस गंगा घाटों के साथ-साथ शहर के मोहल्लों में स्थित तालाबों और पार्कों को भी छठ व्रतियों के लिए तैयार करना है। अजीमाबाद अंचल के गाय घाट, सिद्धी घाट, महाराज घाट और पटना सिटी के कंगन घाट समेत कई घाटों पर सफाई और मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है।

पार्क और तालाब भी होंगे तैयार

कंकड़बाग अंचल में पार्कों के भीतर मौजूद तालाबों को भी छठ व्रतियों के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा महुआबाग, बीएमपी-5 परिसर, पटना जू और मानिकचंद तालाब पर भी विशेष तैयारी की जा रही है। घाटों पर अस्थायी बैरिकेडिंग, दलदली जगहों पर बालू भराई, बांस की चाली बिछाने और पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। नगर निगम का लक्ष्य है कि 20 मार्च तक सभी निर्माण और सफाई कार्य पूरे कर लिए जाएं

कई घाटों पर विशेष सुधार कार्य

पाटलिपुत्र अंचल के पाटीपुल पूर्वी-पश्चिमी घाट, कलेक्ट्रेट घाट, बांसघाट, एलसीटी घाट और घाट संख्या 93, 88 और 83 पर विशेष सुधार कार्य किए जा रहे हैं। वहीं बांकीपुर अंचल के काली घाट, कदम घाट, पटना कॉलेज घाट, गांधी घाट और लॉ कॉलेज घाट को भी सजाया-संवारा जा रहा है। काली घाट से पथरी घाट तक पूरे इलाके को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाएगा, ताकि अर्घ्य के समय व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Share This Article