पत्नी को ‘थैंक्यू’ लिखकर खत्म की जिंदगी; वैवाहिक विवाद से टूटे बिहार के युवक ने मुंबई में जहर खाकर दी जान

मुंबई में बिहार के सौरभ मिश्रा ने वैवाहिक विवाद और कानूनी उत्पीड़न से तंग आकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी पत्नी पर 'सल्फास' का सुझाव देने का आरोप लगाया और खुद को निर्दोष बताया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

BNT
By
3 Min Read

BNT Desk: “न्याय के सामने इंसान महज एक आंकड़ा बनकर रह जाता है, जिसकी कोई अहमियत नहीं होती।” ये भारी शब्द उस सुसाइड नोट के हैं, जिसे लिखने के बाद बिहार के 35 वर्षीय सौरभ राजू ने मुंबई में अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सौरभ ने अपनी मौत के लिए वैवाहिक विवाद और कानूनी उत्पीड़न को जिम्मेदार ठहराया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने अपनी पत्नी को ‘सल्फास’ (जहर) का सुझाव देने के लिए व्यंग्यात्मक तरीके से शुक्रिया भी कहा है।

क्या है पूरा मामला?

बिहार के मोतिहारी (सुगौली) के रहने वाले सौरभ मिश्रा मुंबई की एक निजी कंपनी में काम करते थे। वे नवी मुंबई के पनवेल इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहते थे। 2 फरवरी को जब उनके माता-पिता घर पर नहीं थे, तब सौरभ ने कीटनाशक (सल्फास) खाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह जब परिजन घर लौटे, तो उन्हें सौरभ बेहोशी की हालत में मिले। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस को एक भावुक सुसाइड नोट और कीटनाशक की बोतल मिली है।

सुसाइड नोट में छलका पत्नी और सिस्टम के प्रति दर्द

सौरभ ने अपने आखिरी खत में लिखा, “डियर वाइफ पूजा, अब कहने के लिए कुछ नहीं बचा है। सल्फास का सुझाव देने के लिए धन्यवाद।” उन्होंने आगे लिखा कि वे वैवाहिक विवाद के कारण हो रहे कानूनी उत्पीड़न से पूरी तरह टूट चुके हैं। सौरभ ने अपने नोट में खुद को निर्दोष बताते हुए साफ कहा कि उन्होंने न तो कभी दहेज की मांग की और न ही अपनी पत्नी के साथ कभी मारपीट या हिंसक व्यवहार किया।

शादी के दो महीने बाद ही शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के मुताबिक, सौरभ की शादी साल 2022 में हुई थी। शादी के शुरुआती दिन ठीक रहे और कपल हनीमून के लिए गोवा भी गया था। लेकिन महज दो महीने के भीतर ही रिश्तों में खटास आ गई। चार महीने बीतते-बीतते दोनों अलग हो गए और मामला कोर्ट तक पहुंच गया। सौरभ के परिजनों का कहना है कि वे लंबे समय से चल रही कानूनी लड़ाई और मानसिक तनाव को बर्दाश्त नहीं कर पाए।

परिवार से मांगी माफी और पुलिस की कार्रवाई

सौरभ ने मरने से पहले अपनी 3 साल की बेटी नैना, अपने भाई और माता-पिता से भी माफी मांगी है। उन्होंने अपने माता-पिता के लिए लिखा कि वे उनकी वजह से परेशानी झेल रहे हैं, जो उनसे देखा नहीं जा रहा। फिलहाल, खांडेश्वर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) दर्ज कर ली है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक स्मिता ढाकणे ने बताया कि सुसाइड नोट और जहर की बोतल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Share This Article