BNT Desk: 18वीं बिहार विधानसभा के पहले सत्र का आज आखिरी दिन है। अंतिम दिन की कार्यवाही के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विधानसभा पहुंच गए हैं। यह सत्र भले ही छोटा रहा हो, लेकिन राजनीति की तपिश किसी लंबे सत्र से कम नहीं थी। पांचवें और अंतिम दिन जैसे-जैसे विधायक सदन में पहुंच रहे हैं, माहौल और गरम होता जा रहा है। सत्ता और विपक्ष दोनों एक-दूसरे की अनुपस्थिति या उपस्थिति का मुद्दा बनाकर हमला बोलने की तैयारी में हैं।
आज पेश होगी अनुपूरक बजट विवरणी
आज सदन में द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी (बजट) पेश की जाएगी और इस पर बहस तथा मतदान होगा। इससे संबंधित विनियोग विधेयक का भी निपटारा किया जाएगा सत्र खत्म होने से पहले राज्य सरकार के खर्च से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भवन निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें हाल ही में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान माइक और साउंड सिस्टम में आई तकनीकी खराबी पर खास चर्चा हुई।
पहले दिन विधायकों ने ली शपथ
सत्र की शुरुआत में नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई गई। अधिकांश विधायकों ने संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। हालांकि, चर्चित विधायक अनंत सिंह और अमरेन्द्र नारायण शपथ नहीं ले सके। अनंत सिंह जेल में हैं और अमरेन्द्र पारिवारिक कारणों से अनुपस्थित रहे। इस दौरान सदन की जिम्मेदारी संभालने वाले स्पीकर और डिप्टी स्पीकर का भी चुनाव हुआ। प्रेम कुमार सर्वसम्मति से स्पीकर और नरेंद्र नारायण यादव डिप्टी स्पीकर चुने गए।
तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी पर राजनीति
इस छोटे सत्र का सबसे बड़ा मुद्दा रहा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का सदन से गायब रहना। तेजस्वी की गैरहाजिरी पर सत्ता पक्ष ने हमला बोलते हुए कहा कि वे जनता के मुद्दों से भाग रहे हैं। वहीं विपक्ष के कुछ नेताओं ने इसे तेजस्वी की रणनीतिक चुप्पी बताया।