बिहार विधानसभा सत्र का चौथा दिन: उपाध्यक्ष चुनाव, राज्यपाल के अभिभाषण पर आज होगी अहम चर्चा

बिहार विधानसभा के चौथे दिन उपाध्यक्ष का चुनाव होगा, नरेन्द्र नारायण यादव का चुना जाना तय माना जा रहा है। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा और धन्यवाद प्रस्ताव आज का मुख्य एजेंडा है।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: 18वीं बिहार विधानसभा के पहले सत्र का आज चौथा दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू होगी। जैसे ही सत्र शुरू होगा, उपाध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। माना जा रहा है कि आलमनगर से लगातार आठवीं बार जीत दर्ज करने वाले नरेन्द्र नारायण यादव निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने जाएंगे। आज का मुख्य एजेंडा राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा रहेगा और चर्चा के बाद धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया जाएगा। बिहार विधान परिषद में भी आज धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस और सरकार का जवाब निर्धारित है।

महत्वपूर्ण संशोधन नियमावलियाँ पेश होंगी

आज विधान परिषद में कई महत्वपूर्ण संशोधन नियमावलियाँ पेश की जाएंगी। इनमें विधान मंडल के सदस्यों के वेतन, भत्ता और पेंशन संशोधन नियमावली 2025, बिहार अग्निशमन सेवा संशोधन नियमावली 2025, बिहार अमीन संवर्ग नियमावली 2025 और बिहार राज्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्ति एवं सेवा शर्त संशोधन नियमावली 2025 शामिल हैं।

 

राज्यपाल के अभिभाषण में तकनीकी गड़बड़ी

सत्र के तीसरे दिन राज्यपाल का अभिभाषण चर्चा में रहा। अभिभाषण शुरू होते ही माइक्रोफोन खराब हो गया, जिसके कारण करीब पाँच मिनट तक गड़बड़ी बनी रही। राज्यपाल बिना माइक के ही बोलते रहे और उन्होंने कहा— “मैं थोड़ा जोर से बोल देता हूँ।” अभिभाषण में उन्होंने बताया कि राज्य में शिक्षकों की संख्या बढ़कर 5.2 लाख हो गई है और सभी 27 जिलों में सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं।

 

स्वास्थ्य और रोजगार पर जोर

राज्यपाल ने कहा कि IGIMS को 3,000 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। महिलाओं को रोजगार देने के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अल्पसंख्यकों के लिए कई योजनाएं लागू हैं और सभी घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली दी जा रही है।

सदन के नेता चुने गए नीतीश कुमार

अभिभाषण समाप्त होने के बाद नीतीश कुमार को सदन का नेता और तेजस्वी यादव को नेता प्रतिपक्ष चुना गया। वहीं, नरेन्द्र नारायण यादव ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया।

Share This Article