BNT Desk: बिहार के भभुआ जिले से एक डराने वाली खबर सामने आई है। यहाँ चैनपुर थाना क्षेत्र के मदुरना गांव में ‘जेट्रोफा’ (रतनजोत) का जहरीला फल खाने से एक साथ 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों के अचानक बीमार पड़ने से गांव में हड़कंप मच गया। सभी पीड़ित बच्चों की उम्र 5 से 12 साल के बीच है। फिलहाल, सभी को गंभीर हालत में जिला सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
खेल-खेल में खा लिया ‘जहरीला फल’
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार की है। गांव के ये बच्चे घर के पास ही खेल रहे थे, तभी उन्होंने अनजाने में झाड़ियों में लगे जेट्रोफा के फल खा लिए। कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टी, चक्कर और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। बच्चों की हालत बिगड़ते देख परिवार वाले तुरंत उन्हें लेकर चैनपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
क्या कहते हैं डॉक्टर?
सदर अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. त्रिभुवन नारायण ने बताया कि जेट्रोफा के बीज काफी जहरीले होते हैं। इनमें ‘टॉक्स एल्ब्यूमिन’ जैसे खतरनाक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर में जाकर जहर का काम करते हैं। ये तत्व इंसान के Kidney को भी नुकसान पहुँचा सकते हैं। डॉक्टर ने चेतावनी दी है कि अगर समय पर इलाज न मिले या बहुत ज्यादा मात्रा में इसे खा लिया जाए, तो जान भी जा सकती है। फिलहाल राहत की बात यह है कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और उनके स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
इन बातों का रखें खास ख्याल
बीमार बच्चों की पहचान लाडो कुमारी, ट्विंकल कुमारी, आशीर्वाद कुमार, कृष कुमार, अभिषेक कुमार, आदित्य कुमार, खुशी कुमारी और अरुण कुमार के रूप में हुई है। इस घटना ने एक बार फिर अभिभावकों को सचेत कर दिया है। डॉक्टरों और जानकारों का कहना है कि बच्चों को ऐसे अनजान जंगली फलों और पौधों से दूर रखना चाहिए। अगर कोई बच्चा गलती से ऐसा कुछ खा ले, तो बिना देरी किए उसे पास के अस्पताल ले जाएं, क्योंकि देरी जानलेवा साबित हो सकती है।