BNT Desk: बिहार के चर्चित नेता और मोकामा से विधायक अनंत सिंह के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। कल यानी मंगलवार को अनंत सिंह विधायक पद की शपथ लेंगे। पटना सिविल कोर्ट ने उन्हें विधानसभा जाकर शपथ लेने की विशेष अनुमति दे दी है। फिलहाल अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड के मामले में पटना की बेऊर जेल में बंद हैं, लेकिन अब उनके सदन जाने का रास्ता साफ हो गया है।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगा शपथ ग्रहण
कोर्ट के आदेश के मुताबिक, अनंत सिंह को कल कड़ी सुरक्षा के बीच बेऊर जेल से बिहार विधानसभा लाया जाएगा। वहां वे विधायक के तौर पर अपनी शपथ पूरी करेंगे। हालांकि, इसका मतलब यह कतई नहीं है कि उन्हें रिहा किया जा रहा है। शपथ की प्रक्रिया पूरी होते ही पुलिस उन्हें वापस जेल ले जाएगी। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि इस दौरान कोई कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।
क्यों जरूरी थी यह शपथ?
आपके मन में सवाल होगा कि आखिर जेल में रहते हुए भी यह शपथ क्यों जरूरी है? दरअसल, नियम यह कहता है कि चुनाव जीतने के बाद अगर कोई प्रत्याशी शपथ नहीं लेता, तो उसकी सदस्यता (विधायकी) खतरे में पड़ सकती है। बिना शपथ लिए न तो विधायक को वेतन मिलता है और न ही वह सदन की कार्यवाही में हिस्सा ले सकता है। अनंत सिंह की विधायकी बची रहे, इसीलिए उनके वकीलों ने कोर्ट से इस खास इजाजत की मांग की थी।
हत्याकांड में अब भी हैं आरोपी
जानकारी के लिए बता दें कि अनंत सिंह को दुलारचंद यादव मर्डर केस में अभी जमानत नहीं मिली है। वे पिछले काफी समय से जेल में ही हैं। यह मामला मोकामा के चर्चित हत्याकांडों में से एक है। समर्थकों के बीच ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर अनंत सिंह की इस शपथ पर सबकी नजरें टिकी हैं, क्योंकि काफी समय बाद वे सार्वजनिक रूप से विधानसभा परिसर में नजर आएंगे।