AIMIM नेता का बड़ा आरोप: सत्ता के संरक्षण में हो रही शराब की होम डिलीवरी, युवा पीढ़ी बर्बाद

AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने बिहार में शराबबंदी को पूरी तरह विफल बताया है। उन्होंने तंज कसा कि सरकार में तालमेल की कमी "बेमेल शादी" जैसी है। ईमान ने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में शराब की होम डिलीवरी हो रही है और युवा नशे की चपेट में हैं।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल इमान ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून को लेकर राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब बेमेल शादी होती है तो उसमें हमेशा तकरार रहती है। इसी तरह बिहार सरकार के भीतर भी तालमेल की कमी है।

शराबबंदी को बताया विफल

अख्तरुल इमान ने कहा कि शराबबंदी कानून शुरू से ही प्रभावी तरीके से लागू नहीं हो पाया। उनके अनुसार, सरकार के अंदर ही कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें शराब की आदत है और वही लोग इस अवैध कारोबार को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य में शराब की होम डिलीवरी तक हो रही है और अवैध कारोबार में कई लोग शामिल हैं।

युवाओं पर असर की चिंता

उन्होंने कहा कि शराब पीने के बाद व्यक्ति अपना संतुलन खो देता है और हाल की कई घटनाएं इसका उदाहरण हैं। उनका कहना था कि शराब ने कई परिवारों को बर्बाद कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने गांजा, चरस, अफीम और अन्य नशीले पदार्थों का जिक्र करते हुए कहा कि इनकी वजह से युवा पीढ़ी तेजी से गलत रास्ते पर जा रही है।

सख्त कानून की मांग

अख्तरुल इमान ने मांग की कि शराब और ड्रग्स के अवैध कारोबार पर सख्त कानून लागू किए जाएं। उन्होंने कहा कि सेवन करने वालों से लेकर सप्लाई और संरक्षण देने वालों तक, सभी को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।

कानून-व्यवस्था पर सवाल

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पढ़ाई-लिखाई प्रभावित हो रही है और बच्चे गलत संगति में पड़ रहे हैं। इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति भी कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि नैतिक शिक्षा में गिरावट आई है और सरकार की सख्ती के बिना यह समस्या खत्म नहीं होगी।

 

Share This Article