BNT Desk: बिहार के मोतिहारी जिले से सोमवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पतौरा लाला टोला गांव में घर के पास खेल रहे 12 वर्षीय किशोर को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। घायल हालत में किशोर किसी तरह खून से लथपथ घर तक पहुंचा, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत मोतिहारी के एक निजी अस्पताल ले गए। घटना के बाद पूरे गांव में डर और आक्रोश का माहौल है।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचा मासूम
घायल किशोर की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है। गोली उसके पेट में लगी थी, जिससे काफी खून बह गया। डॉक्टरों के मुताबिक, हालत गंभीर होने के कारण उसे दो यूनिट खून चढ़ाया गया और तुरंत ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के दौरान पेट के अंदर फंसी गोली को बाहर निकाला गया। सफल ऑपरेशन के बाद अब सचिन की हालत स्थिर बताई जा रही है, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली है।
परिवार की आर्थिक चिंता बढ़ी
सचिन के पिता चंद्रशेखर राम उर्फ चंदू जी पेशे से ड्राइवर हैं और मुजफ्फरपुर जिले में गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय सचिन अपने दोस्त के साथ खेल रहा था, तभी कुछ अज्ञात लोग आए और गोली चला दी। पिता ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। वहीं, मां सीता देवी रोते हुए बोलीं कि इलाज का खर्च उनकी सबसे बड़ी चिंता बन गया है।
पुलिस जांच में जुटी, SIT का गठन
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर एसडीपीओ-01 के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित करने का आदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।