BNT Desk: बिहार की राजधानी पटना से आज एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। पटना सिविल कोर्ट को आरडीएक्स (RDX) बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आज दोपहर करीब 12 बजे एक धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद जिला जज ने तुरंत पूरे कोर्ट परिसर को खाली करने का आदेश दे दिया। आनन-फानन में कोर्ट के सभी वकीलों, कर्मचारियों और मुवक्किलों को बाहर निकाला गया है।
ईमेल से मिली तीन बमों की धमकी
जानकारी के अनुसार, कोर्ट प्रशासन को एक ईमेल मिला था जिसमें दावा किया गया है कि पटना सिविल कोर्ट में तीन आरडीएक्स आईईडी (IED) लगाए गए हैं और उन्हें धमाके से उड़ा दिया जाएगा। इस ईमेल के मिलते ही कोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिला जज की ओर से जारी आदेश में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बार एसोसिएशन (DBA) के सभी सदस्यों को तुरंत कैंपस छोड़ने को कहा गया है।
मौके पर पहुँची पुलिस और डॉग स्क्वायड
धमकी की सूचना मिलते ही पीरबहोर थाना की पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुँच चुके हैं। सुरक्षा के लिहाज से पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी गई है। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है, जो कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह ईमेल कहाँ से आया है और इसके पीछे किसका हाथ है।
कामकाज पूरी तरह ठप, लोगों में डर
इस घटना की वजह से कोर्ट में होने वाला सारा कामकाज रुक गया है। सिर्फ पटना सिविल कोर्ट ही नहीं, बल्कि दानापुर व्यवहार न्यायालय को भी खाली कराए जाने की खबर सामने आ रही है। कोर्ट आए लोग डरे हुए हैं और पुलिस सभी से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।