हिजाब विवाद पर जायरा वसीम का गुस्सा, नीतीश कुमार से माफी की मांग

पटना में आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र देने के दौरान महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विवाद में घिर गए हैं। विपक्ष ने माफी और इस्तीफे की मांग की है। अभिनेत्री जायरा वसीम ने भी इसे महिला गरिमा और धार्मिक स्वतंत्रता का अपमान बताया।

BNT
By
2 Min Read

BNT Desk: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। पटना में आयुष (AYUSH) डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र देने के एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने की घटना सामने आई है। इस मामले ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर नाराजगी पैदा कर दी है। विपक्ष के साथ-साथ अब अभिनेत्री रह चुकीं जायरा वसीम ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

मंच पर क्या हुआ था

यह घटना 15 दिसंबर की है। पटना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दे रहे थे। इसी दौरान मंच पर मौजूद महिला डॉक्टर नुसरत हिजाब पहने हुई थीं। मुख्यमंत्री ने उनकी ओर इशारा कर पूछा कि यह क्या है। महिला डॉक्टर के हिजाब बताने पर उन्होंने इसे हटाने को कहा और फिर खुद आगे बढ़कर उनका हिजाब हटा दिया। इस पूरी घटना के दौरान महिला डॉक्टर असहज दिखाई दीं और वहां मौजूद कुछ लोग हंसते नजर आए।

विपक्ष का तीखा हमला

घटना सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने मुख्यमंत्री पर कड़ा हमला बोला है। कांग्रेस समेत कई दलों ने इसे महिला की गरिमा और धार्मिक स्वतंत्रता का अपमान बताया है। विपक्ष का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से माफी मांगने और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की है।

जायरा वसीम की प्रतिक्रिया

इस पूरे मामले पर अभिनेत्री रह चुकीं जायरा वसीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि महिलाओं की गरिमा और मर्यादा किसी के लिए भी मजाक का विषय नहीं हो सकती। एक मुस्लिम महिला के तौर पर किसी दूसरी महिला का हिजाब इस तरह हटाया जाना बेहद अपमानजनक और गुस्से में डालने वाला है। जायरा वसीम ने साफ कहा कि सत्ता में होने का मतलब यह नहीं कि कोई भी व्यक्ति अपनी सीमाएं पार कर सकता है और मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

 

 

Share This Article